उदयपुर। सेवा भारती, उदयपुर द्वारा संचालित प्राकृतिक आरोग्य केन्द्र, हरिदास जी की मगरी, सुभाष चौराहा में आयोजित समग्र आरोग्य शिविर में दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में लोगों ने निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार सेवाओं का लाभ लिया।

शिविर में मदन मोहन मालवीय राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय, उदयपुर की ओर से शिविर प्रभारी एवं पंचकर्म विशेषज्ञ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय तथा क्रिया शरीर विभाग के चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा सेवाएँ प्रदान की गईं।

पंचकर्म एवं विविध उपचार पद्धतियों से उपचार प्राकृतिक आरोग्य केन्द्र के मुख्य विशेषज्ञ प्राकृतिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशुतोष चौधरी एवं सहयोगी चिकित्सकों ने बताया कि मरीजों की समस्या एवं चिकित्सकीय मूल्यांकन के अनुसार उपचार पद्धति का चयन किया जा रहा है।

शिविर में शिरोधारा, नस्य कर्म, नाड़ी स्वेदन, कटि बस्ति, जानु बस्ति एवं ग्रीवा बस्ति जैसी पंचकर्म सेवाओं के साथ कपिंग चिकित्सा, एक्यूपंक्चर, एक्यूप्रेशर/रिफ्लेक्सोलॉजी, टेंस एवं इन्फ्रारेड चिकित्सा जैसी विभिन्न उपचार पद्धतियाँ भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इन उपचार सेवाओं का विशेष रूप से कमर, गर्दन एवं जोड़ों के दर्द, साइटिका, कंधे की समस्याओं तथा मांसपेशीय दर्द एवं जकड़न जैसी समस्याओं में चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार उपयोग किया जा रहा है।

6 सितंबर तक जारी रहेगा शिविर चिकित्सालय प्रभारी प्रकाश सोनी ने बताया कि समग्र आरोग्य शिविर 6 सितंबर तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि शिविर में विभिन्न विशेषज्ञों की सहभागिता से आमजन को एक ही स्थान पर निःशुल्क जाँच, परामर्श एवं उपचार की सुविधा मिल रही है। उन्होंने आमजन से शिविर का लाभ लेने तथा इसकी जानकारी जरूरतमंद लोगों तक पहुँचाने की अपील की।