उदयपुर, राज्य सरकार की ओर से जारी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों के क्रम में जिला कलक्टर नमित मेहता ने गुरूवार देर शाम सभी जिला स्तरीय अधिकारियों, उपखण्ड अधिकारी, ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की वीडियो कांफ्रेन्स के माध्यम से बैठक ली।

अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़ ने बताया कि बैठक में जिला कलक्टर ने राज्य सरकार की ओर से प्राप्त निर्देशों की अनुपालना में सभी उपखण्ड अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के विधायकों से समन्वय करते हुए अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी 3 तीन दिन में अतिवृष्टि से हुए नुकसान, जन एवं पशु हानि की रिपोर्ट मय राहत प्रस्तावों के प्रस्तुत करने के लिए भी पाबंद किया।

जिला कलक्टर ने आगामी 15 सितम्बर से प्रारंभ हो रहे शहर चलो अभियान तथा 18 सितम्बर से प्रस्तावित गांव चलों अभियान को लेकर भी पंचायत एवं वार्ड वार कलेण्डर 10 सितम्बर तक जारी करने, प्री कैम्प एक्टीविटी कराने के निर्देश दिए। सभी विभागीय अधिकारियों को कैम्प में विभागीय योजनाओं को लेकर आवश्यक पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला मजिस्ट्रेट श्री मेहता ने आगामी त्यौहारों के दौरान पूरे जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को क्षेत्र में पैनी नजर रखने तथा किसी भी तरह की अवांछित गतिविधि पर आवश्यक कार्यवाही करते हुए मुख्यालय को सूचित करने के लिए पाबंद किया। उन्होंने आह्वान किया कि सभी त्यौहार परंपरागत सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाए जाएं। इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं। बैठक में सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार, बीडीओ सहित अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।