उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर आज शाम सिंधी संस्कृति की रंगीनियों से सराबोर होगी। कला एवं संस्कृति विभाग, राजस्थान सरकार के निर्देशन में राजस्थान सिंधी अकादमी, झूलेलाल सिंधी सेंट्रल पंचायत और शहीद हेमू कालानी युवा मंच के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार, 27 सितंबर को शाम 6 बजे टाउन हॉल स्थित सुखाड़िया रंगमंच पर भव्य सिंधी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

बड़े नेताओं की मौजूदगी से बढ़ेगा गौरव

 

कार्यक्रम को खास बनाने के लिए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, राज्यसभा सांसद चन्नीलाल गरासिया, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरामानी, पूर्व राज्य मंत्री हरीश राजानी और झूलेलाल सिंधी सेंट्रल पंचायत अध्यक्ष प्रतापराय चुग सहित अनेक जनप्रतिनिधि और विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे।

 

कार्यक्रम के संयोजक राजेश खत्री ने बताया कि मंच पर सजेगी संस्कृति की झलक, इस मौके पर अहमदाबाद की विजन सिंधु चिल्ड्रन अकादमी के 25 कलाकार अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। नृत्य, गीत-संगीत और रंगारंग प्रस्तुतियां सिंधी समाज की समृद्ध कला और परंपराओं की झलक पेश करेंगी।

 

हर किसी के लिए खुला दरवाजा

 

आयोजकों ने बताया कि प्रवेश पूर्णत: निःशुल्क रहेगा। पास शहर के सभी सिंधी समाज भवनों पर उपलब्ध हैं। विभिन्न पंचायतों और युवा संगठनों को भी आमंत्रण भेजा गया है, ताकि बड़ी संख्या में समाजजन इस आयोजन में शामिल होकर सिंधियत की गरिमा बढ़ा सकें।

 

समाज में उमंग

 

इस भव्य कार्यक्रम को लेकर समाज में जबरदस्त उत्साह है। आयोजन समिति का मानना है कि यह अवसर नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ने और समाज की एकता को और मजबूत करने का काम करेगा।

कल की शाम उदयपुर के लिए यादगार होगी, जब सुखाड़िया रंगमंच सिंधी संस्कृति के रंगों से महकेगा।