उदयपुर। सालवी (बुनकर) समाज, साठखेड़ा, खेरोदा चौकी, उदयपुर की महापंचायत के निर्णयानुसार केंद्रीय कार्यकारिणी के अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पद हेतु आम चुनाव रविवार, 12 अक्टूबर 2025 को श्रीनाथ समिति भवन, ग्लास फैक्ट्री, उदयपुर में शांतिपूर्ण एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ सम्पन्न हुआ। मतदान प्रातः 8 बजे प्रारंभ होकर सायं 4ः27 बजे तक चला।
मतदाता सूची के अनुसार कुल 2002 वयस्क पुरुष मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें खेरोदा चौखला के 419, मोड़ी चौखला के 548, मेड़ता चौखला के 520, कुराबड़ चौखला के 202, गिर्वा चौखला के 191 तथा गवारड़ी चौखला के 122 मतदाता शामिल थे। मतदान के लिए तीन बूथ बनाए गए — बूथ संख्या 1 पर खेरोदा व कुराबड़, बूथ संख्या 2 पर मोड़ी व गवारड़ी तथा बूथ संख्या 3 पर मेड़ता व गिर्वा चौखला के मतदाताओं ने मतदान किया।
अतिरिक्त चुनाव अधिकारी श्री तेजपाल पिछोलिया और श्री गणेश डोडिया ने मतदान दलों को प्रशिक्षण प्रदान किया, जबकि श्री भेरूलाल डोली ने संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया के दौरान सभी आय-व्यय का लेखा-जोखा रखा। प्रत्येक बूथ पर एक पीठासीन अधिकारी एवं चार मतदान अधिकारी नियुक्त किए गए।
घोषणा के बाद प्रातः 8 बजे मतदान प्रारंभ हुआ और कुल 72.62 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान समाप्ति के बाद मतपेटियों को सील कर मुख्य चुनाव अधिकारी की सुरक्षा में रखा गया।
सायं 5ः45 बजे सभी उम्मीदवारों एवं गणना अभिकर्ताओं की उपस्थिति में मतगणना प्रारंभ की गई। तीनों पदों के लिए अलग-अलग डेस्क बनाकर दो-दो गणक नियुक्त किए गए। अध्यक्ष पद के लिए 1454, सचिव व कोषाध्यक्ष पद के लिए 1453-1453 मत प्राप्त हुए।
चार राउंड की मतगणना के बाद अध्यक्ष पद पर श्री नारायण लाल सलाया को 615 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी श्री डालचंद आम्बारोती को 385 मत और श्री वेणीराम खांदेला को 421 मत मिले। 33 मत निरस्त किए गए।
सचिव पद पर श्री जगदीश चौहान 574 मतों के साथ विजयी रहे, उन्हें श्री रमेश पिछोलिया (482 मत) और श्री मदन मणौती (353 मत) ने चुनौती दी। 44 मत निरस्त घोषित हुए।
कोषाध्यक्ष पद पर श्री हीरालाल डोडिया ने 765 मत प्राप्त कर जीत हासिल की, जबकि श्री विष्णुलाल सोनार्थी को 427 और श्री ललित कुमार पिछोलिया को 205 मत मिले। 56 मत निरस्त हुए।
घोषणा के पश्चात मुख्य चुनाव अधिकारी ने उपस्थित समाजजनों के समक्ष विजेताओं की औपचारिक घोषणा की। तत्पश्चात श्री शंकर लाल सोनार्थी ने नव निर्वाचित अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
अंत में अतिरिक्त चुनाव अधिकारी श्री तेजपाल पिछोलिया ने सभी मतदाताओं, मतदान दलों और गणना अधिकारियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि चुनाव प्रक्रिया समाज की एकता और लोकतांत्रिक भावना का सशक्त उदाहरण रही।