उदयपुर। हार्टफुलनेस संस्था की ओर से रविवार 16 नवंबर को प्रातः 7. 30बजे चित्रकूट नगर ए ब्लॉक में 'ग्रीन हार्टफुलनेस' रन का आयोजन किया जा रहा है। हार्टफुलनेस ध्यान केन्द्र के केन्द्र समन्वयक डॉ राकेश दशोरा ने बताया कि रन का फ्लैग ऑफ, पर्यावरण संरक्षण, हेल्दी लाइफस्टाइल और आध्यात्मिकता का संदेश देने के लिए दौड़ का आयोजन किया जायेगा । रन के दौरान पौधारोपण और जागरूकता के संदेश साझा किये जाएंगे। इवेंट में बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी व फिटनेस एक्सपर्ट्स और युवा शामिल होंगे। उदयपुर ग्रीन हार्टफुलनेस रंग के युवा समन्वयक दीपक मेनारिया ने बताया कि इसमें भाग लेने वाले प्रतिभागियों को टी शर्ट, मैडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। वेबसाइट ग्रीनहार्टफुलनेस रन डॉट कॉम (greenheartfulnessrun.com,) पर रन को लेकर पंजीकरण जारी हैं। उल्लेखनीय है कि भारत में 119 स्थानो पर और राजस्थान में 51 स्थान पर यह दौड़ आयोजित की जा रही है।
दो किलोमीटर की यह ग्रीन हार्टफुलनेस दौड़ 16 नवम्बर को चित्रकूट नगर में निर्माणाधीन बहुमंजिला हार्टफुलनेस ध्यान केन्द्र से प्रातः 7.30 बजे चित्रकूटनगर भुवना के विभिन्न मार्गों से गुजरेगी।प्रवक्ता डॉ सुबोध शर्मा ने बताया कि फोरेस्ट बॉय हार्टफुलनेस द्वारा 16 नवम्बर 2025 रविवार को ग्रीन हार्टफुलनेस रन के कार्यक्रम के अन्तर्गत पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक पौधारोपण कर प्रदुषण स्तर को कम करने और लोगों में एक स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से प्रति वर्ष इस मैराथन का आयोजन किया जाता है।
हार्टफुलनेस ध्यान केन्द्र की उदयपुर जोन समन्वयक श्रीमती मधु मेहता ने बताया कि भारत में विभिन्न स्थानों पर आयोजित इस पहल के पिछले तीन संस्करणों में, हमने लाखों प्रतिभागियों को सफलतापूर्वक संगठित किया है और 22,000 से अधिक पेड़ लगाने और उनके रखरखाव के लिए समुदाय और जनता को इस अभियान से जोड़ा है। भारत सरकार और राज्यों के राजनीतिज्ञों और अधिकारियों के अपार समर्थन से, यह आयोजन एक नेक कार्य के रूप में विकसित हुआ है ।
ग्रीन हार्टफुलनेस रन को मुख्य अतिथि व हार्टफुलनेस के वरिष्ठ अभ्यासी डॉ पुनीत शर्मा, संयुक्त निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग उदयपुर फ्लैग ऑफ करेंगे। उदयपुर में प्रस्तावित सामूहिक दौड़ के समापन पर पौधारोपण भी किया जायेगा।