उदयपुर। सांसद डॉ. मन्नालाल रावत की अनुशंसा पर उदयपुर लोकसभा क्षेत्र के 9 अति गंभीर मरीजों को प्रधानमंत्री राहत कोष से कुल 27 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। प्रत्येक मरीज को 3-3 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई, जिससे गुजरात के बड़े अस्पतालों में लीवर व गुर्दा प्रत्यारोपण जैसे जटिल उपचार संभव हो सके।

सांसद डॉ. रावत जनसुनवाई एवं अन्य मुलाकातों के दौरान सामने आने वाले गंभीर मामलों में विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हैं। अस्पताल से प्रमाणित मामलों में वे प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र भेजकर प्रधानमंत्री राहत कोष से सहायता की अनुशंसा करते हैं। अब तक ऐसे 9 से अधिक मामलों में सहायता राशि स्वीकृत हो चुकी है।

स्वीकृत मामलों में अहमदाबाद के इंस्टीट्यूट ऑफ किडनी डिजीज एंड रिसर्च सेंटर में लीवर प्रत्यारोपण हेतु उदयपुर के राहुल सनाढ्य व गरड़ा, जैताणा के रुपलाल पटेल को सहायता दी गई। वहीं नडियाद, गांधीनगर व अहमदाबाद के अस्पतालों में गुर्दा प्रत्यारोपण के लिए उदयपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों के मरीजों को सहायता प्रदान की गई।

सहायता स्वीकृत होने पर मरीजों के परिजनों ने सांसद डॉ. मन्नालाल रावत के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनकी पहल से जरूरतमंद मरीजों को समय पर जीवनरक्षक उपचार मिल रहा है।