उदयपुर उदयपुर के भुवाणा क्षेत्र में एक आदिवासी परिवार को कथित रूप से बंधक बनाकर उनकी लगभग 25 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि को षड्यंत्रपूर्वक हड़पने का गंभीर मामला सामने आया है। इस प्रकरण में पीड़ित आदिवासी परिवार को ही आरोपी बनाए जाने के आरोपों ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है।
मामले को लेकर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखकर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने पत्र में आरोप लगाया है कि इस पूरे घटनाक्रम में भाजपा के एक विधायक, अन्य जनप्रतिनिधियों तथा कुछ पुलिस अधिकारियों की भूमिका संदेह के घेरे में है।
शर्मा ने कहा कि इस मामले में कोर्ट के आदेशों की अवहेलना, रसूख और सत्ता के दुरुपयोग के साथ-साथ पुलिस–प्रशासन और भू-माफिया के गठजोड़ के स्पष्ट संकेत मिलते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों को बचाने के लिए आदिवासी परिवार पर झूठे मुकदमे थोपे गए, जिससे वे न्याय के लिए भटकने को मजबूर हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आदिवासियों के अधिकारों पर हो रहे इस अन्याय के खिलाफ कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। यदि मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच नहीं करवाई गई, तो कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
कांग्रेस ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की स्वतंत्र जांच, दोषी अधिकारियों एवं भू-माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई तथा पीड़ित आदिवासी परिवार को न्याय और सुरक्षा प्रदान की जाए।