उदयपुर । कुआलालंपुर, मलेशिया में 28 से 30 अगस्त तक आयोजित होने वाली साउथ ईस्टर्न एशियन लैक्रोज प्रतियोगिता में राजस्थान के उदयपुर निवासी एवं राउमावि धार में पदस्थापित शारीरिक शिक्षक नीरज बत्रा को भारतीय लैक्रोज टीम का प्रशिक्षक नियुक्त किया गया है।
उनकी नियुक्ति से राजस्थान के खेल जगत एवं लैक्रोज खिलाड़ियों में हर्ष का माहौल है।लैक्रोज एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सीईओ तौसीफ लारी के अनुसार प्रतियोगिता में भारतीय महिला एवं पुरुष टीमें पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेंगी और देश के लिए पदक जीतने की मजबूत दावेदारी पेश करेंगी जिसकी जिम्मेदारी अनुभवी प्रशिक्षक नीरज बत्रा को सौंपी गई है।अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रशिक्षण रिकॉर्डनीरज बत्रा के प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन में भारतीय लैक्रोज टीम ने पिछले वर्षों में उल्लेखनीय सफलताएं हासिल की हैं।
एशियन लैक्रोज गेम्स-2024, समरकंद (उज्बेकिस्तान) में भारतीय महिला टीम ने रजत पदक हासिल किया था। इसके बाद एशियन लैक्रोज गेम्स-2026, रियाद (सऊदी अरब) में भारतीय महिला एवं पुरुष दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।
इन उपलब्धियों ने न केवल भारतीय लैक्रोज को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूती दी, बल्कि राजस्थान के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की प्रतिभा को भी वैश्विक मंच पर पहचान दिलाई है।राजस्थान ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बनाया दबदबानीरज बत्रा के मार्गदर्शन में राजस्थान के खिलाड़ियों ने पिछले तीन वर्षों में विभिन्न आयु वर्गों की राष्ट्रीय लैक्रोज प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है।
राजस्थान के खिलाड़ियों ने इस दौरान 15 स्वर्ण, 4 रजत एवं 2 कांस्य पदक जीतकर देशभर में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। विशेष रूप से राजस्थान के जनजातीय क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले खिलाड़ियों की संख्या लगातार बढ़ी है।
नीरज बत्रा के प्रशिक्षण में तैयार इन खिलाड़ियों ने भारतीय टीम में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
इससे जनजातीय क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में भी सकारात्मक संदेश गया है।भारतीय टीम के लिए नई चुनौतीअब मलेशिया के कुआलालंपुर में होने वाली साउथ ईस्टर्न एशियन लैक्रोज प्रतियोगिता में नीरज बत्रा के सामने भारतीय महिला एवं पुरुष टीमों को रणनीतिक रूप से मजबूत तैयार करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
हालिया अंतरराष्ट्रीय सफलताओं के बाद भारतीय टीम से एक बार फिर शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।नीरज बत्रा की नियुक्ति पर राजस्थान लैक्रोज संघ के अध्यक्ष अशोक परनामी, सीईओ सज्जाद खान एवं पदाधिकारीगण, उदयपुर लोकसभा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, उदयपुर संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र यादव, जिला शिक्षा अधिकारी दीपक गौड़, सीबीईओ बड़गांव किरण कोटिया, प्रधानाचार्य धार भावना गुर्जर सहित विभिन्न अधिकारीगण, लैक्रोज खिलाड़ी एवं खेलप्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नीरज बत्रा को शुभकामनाएं दीं।