उदयपुर।राउंड टेबल इंडिया उदयपुर द्वारा रविवार को रानी रोड स्थित मेंशन बैंक्वेट बाई रेडिसन में भव्य परोपकारी कार्यक्रम ‘नीऑन रात्रि 4.0’ गरबा का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन से प्राप्त राशि का उपयोग सरकारी विद्यालयों में आधुनिक कक्षाओं के निर्माण हेतु किया जाएगा।

राउंड टेबल इंडिया के चेयरमैन साहिल नवलखा ने बताया कि यह एक चैरिटेबल फंड रेज़िंग कार्यक्रम है, जो उदयपुर में अपने तरह का अनूठा आयोजन है। राउंड टेबल इंडिया अब तक देशभर में 537 करोड़ रुपये की लागत से 10,040 कक्षाएँ सरकारी विद्यालयों में बना चुका है, वहीं उदयपुर में अब तक 100 से अधिक कक्षाओं का निर्माण किया गया है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रमुख रूप से गुजराती सिंगर रुतविच पंड्या लाइव प्रस्तुति देंगे। आयोजन स्थल पर गुजराती और इंदौरी फलाहारी व्यंजनों की खुशबू बिखरेगी। कार्यक्रम का शुभारंभ महाआरती से होगा, साथ ही लेजर शो, नीऑन डांडिया राउंड और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

राउंड टेबल इंडिया के कोषाध्यक्ष नमन पाटीदार ने शहरवासियों और समाज के सभी वर्गों से अपील की है कि वे इस परोपकारी उद्देश्य में बढ़-चढ़कर भाग लें, ताकि अधिक से अधिक सरकारी विद्यालयों के बच्चों को बेहतर शिक्षा और आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।

कार्यक्रम की सफलता के लिए नेक्सीथों, स्टोनेक्स, पसिफिक हॉस्पिटल सिटी, अर्चि बिल्डर, जेके मार्बल, टोयोटा, हेक्क्यू क्वार्ट्ज, अबार, रजवाड़ा ज्वेल्स, विक्टोरिया मेंशन, माउंट बैंक, अलंकार ज्वेल्स सहित अनेक दानदाताओं ने सहयोग प्रदान किया है।