उदयपुर। शहर एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों में रविवार को विराट हिन्दू सम्मेलन के तहत विभिन्न स्थानों पर भव्य आयोजन हुए। संतों, विचारकों एवं समाजसेवियों की उपस्थिति में आयोजित इन सम्मेलनों में हिंदू चेतना, सामाजिक समरसता, राष्ट्रभक्ति एवं सांस्कृतिक संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा, वरिष्ठजन एवं बालक-बालिकाओं की सहभागिता रही।

गवरी चौक पर संतों के सानिध्य में हिन्दू सम्मेलन
महावीर बस्ती, हिरणमगरी सेक्टर 11 स्थित गवरी चौक पर हिन्दू सम्मेलन आयोजित हुआ। कार्यक्रम के पश्चात महाप्रसादी का आयोजन किया गया।
सम्मेलन में संत प्रवर महाश्रमण जिनेन्द्र मुनि जी महाराज, प्रवर्तक विजय मुनि महाराज, श्री श्री 1008 महेंद्र किशोर दास जी महाराज (पीठाधीश्वर, श्री महालक्ष्मी मंदिर आश्रम), बाल कथावाचक प्रियांशु जी महाराज, विभाग प्रचारक आरएसएस धनराज जी, हर्षिता श्रीमाली सहित अन्य वक्ताओं ने उद्बोधन दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आलोक स्कूल के निदेशक श्री प्रदीप कुमावत ने की।

पूर्व संध्या पर निकाली गई सैकड़ों वाहनों की रैली में महामंडलेश्वर हितेश्वरानंद जी महाराज ने हिंदुत्व के समक्ष जनसंख्या असंतुलन को चुनौती बताते हुए समाज को जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का प्रारंभ जिग्नेश शर्मा द्वारा भारत यज्ञ से हुआ, जिसमें सभी बस्तीवासियों ने आहुति दी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भजन, राष्ट्रभक्ति नृत्य, देशभक्ति गीत, योग, जुडो-कराटे प्रदर्शन एवं मोबाइल उपयोग पर जागरूकता संदेश प्रस्तुत किए गए।
धनराज ने विकसित राष्ट्र हेतु पंच प्रण को अपनाने का आह्वान किया, वहीं प्रियांशु जी महाराज ने हिंदुत्व की रक्षा हेतु सजग रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन नरेंद्र पालीवाल ने किया। इस अवसर पर गवरी चौक पर नूतन ध्वज स्थापना भी की गई।

लखावली मंडल में विराट हिन्दू सम्मेलन
लखावली मंडल में भी विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। श्री कुक्डेश्वर महादेव मंदिर के महंत श्री श्री मनमोहन नाथ जी के सानिध्य में ग्राम पंचायत के समस्त गांवों में रामलला की दिव्य प्रतिमा के साथ भव्य वाहन रैली निकाली गई। जगह-जगह मातृशक्ति द्वारा आरती एवं पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
धर्मसभा में आचार्य षडदर्शन साधु समाज मेवाड़ मंडल के संत श्री श्री ज्ञानानंद जी महाराज ने संयुक्त परिवार, संस्कृति संरक्षण एवं सामाजिक समरसता पर ओजस्वी उद्बोधन दिया। सम्मेलन अध्यक्ष नारायण लाल पालीवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। आयोजन का समापन भारत माता की आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

कलश यात्रा के साथ अरिहंत विहार क्षेत्र में उत्साह
विराट हिन्दू सम्मेलन के तहत अरिहंत विहार, उदय विहार, सूर्य नगर एवं आकाशवाणी क्षेत्र में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा मठ मादड़ी से प्रारंभ होकर विभिन्न बस्तियों से होते हुए शिव पार्क, आकाशवाणी पर सम्पन्न हुई।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता पंकज ने पंच परिवर्तन — कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण, सामाजिक समरसता, स्वबोध एवं नागरिक कर्तव्यों पर विस्तार से बताते हुए हिंदू समाज को संगठित रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

कार्यक्रम के संयोजक अशोक सिंह तंवर, सह संयोजक गजेंद्र सिंह राजावत, केशु लाल डागी, राजनाथ जी, शिव सिंह चौहान, कोषाध्यक्ष गौरव गोलछा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।