उदयपुर। मुख्यमंत्री बजट घोषणा के अंतर्गत सोमवार को पंचायत समिति मुख्यालय गिर्वा में दिव्यांगजन अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक गिरीश भटनागर तथा विकास अधिकारी अजीत कुमार मीणा उपस्थित रहे। विधायक श्री मीणा ने सभी दिव्यांगजन का परिचय प्राप्त कर, माला पहना कर उनका स्वागत किया। साथ ही सरकार की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने हेतु प्रोत्साहित किया। संयुक्त निदेशक श्री भटनागर ने योजना की प्रगति से अवगत कराया। सामाजिक सुरक्षा अधिकारी हर्षित कुमार पंचोली ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए बताया कि शिविर के दौरान कुल 12 ट्राइसाइकिल, 1 व्हीलचेयर, 4 स्मार्ट केन लाभार्थियों को वितरित किए गए, जिससे दिव्यांगजन को दैनिक जीवन में सहूलियत मिलेगी। धन्यवाद त्रिलोक चंद ने ज्ञापित किया। शिविर को सफल बनाने में छात्रावास अधीक्षक त्रिलोक चंद, रोशन लाल मीणा, वैभव भट्ट, अनुप्रिया मीणा, रेखा कुम्हार एवं सहायक कर्मचारी मगन लाल, शंकर तथा लोकेश कुमार आदि का सहयोग रहा।