उदयपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं मीडिया के बीच आयोजित मैत्री क्रिकेट मैच के उपरांत ट्रॉफी वितरण समारोह आयोजित किया गया।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) जितेंद्र ओझा ने विजेता जिला प्रशासन टीम के कप्तान डॉ. विक्रम सिंह को विजेता ट्रॉफी तथा उपविजेता मीडिया टीम के कप्तान कुलदीप सिंह गहलोत को उपविजेता ट्रॉफी प्रदान की।इस अवसर पर मैच में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में गिरवा एसडीएम अवुला साइकृष्ण, जिला खेल अधिकारी महेश पालीवाल, उपनिदेशक सूचना एवं जनसंपर्क गौरीकांत शर्मा एवं अविनाश जगनावत सहित प्रशासन एवं मीडिया जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।अतिरिक्त जिला कलेक्टर शहर जितेंद्र ओझा ने कहा कि खेल में परिणाम से अधिक खेल भावना महत्वपूर्ण होती है।
जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन एक खिलाड़ी हमेशा अनुशासन, सकारात्मक सोच और खेल भावना के साथ मैदान में उतरता है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच आयोजित इस तरह के मैत्री मैच आपसी सौहार्द, समन्वय और बेहतर संवाद को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शानदार खेल भावना के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन कार्य के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आपसी जुड़ाव और टीम भावना को भी बढ़ावा देते हैं।
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।