उदयपुर,  संस्कृत सप्ताह के अंतर्गत संस्कृत भारती, उदयपुर तथा महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल,उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्विद्यालयी संस्कृत श्लोक पाठ प्रतियोगिता का आयोजन महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल में किया गया।
इस अवसर पर संस्कृत भारती के डॉ. रेणु पालीवाल, मंगल जैन, संजय शांडिल्य, श्रेयांश कंसारा, श्रीमती रेखा सिसोदिया, श्रीमती मीनाक्षी आमेटा, श्रीमती निष्ठा दीक्षित एवं रविंद्र सिंह रूपावत उपस्थित रहे। सर्वप्रथम संस्कृत विभागाध्यक्ष हेमंत कुमार जैन ने अतिथियों को उपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया।
कनिष्ठ एवं वरिष्ठ दोनों वर्गों में आयोजित इस प्रतियोगिता में कनिष्ठ वर्ग में 28 विद्यालयों के 48 छात्रों ने तथा वरिष्ठ वर्ग में 28 विद्यालयों के 44 छात्रों ने भाग लिया। महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल के निदेशक सतीश कुमार शर्मा ने सभी का स्वागत करते हुए संस्कृत भाषा के समसामयिक महत्त्व को बताया और संस्कृत भारती की सराहना करते हुए कहा कि संस्कृत को सहज और सरल तरीके से जन-जन की भाषा बनाने और भाषा के संरक्षण संवर्धन में संस्कृत भारती का महत्वपूर्ण योगदान है। संस्कृत भारती के प्रांत प्रमुख डॉ. यज्ञ आमेटा ने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए संस्कृत भारती के उद्देश्य स्पष्ट किये। प्रतियोगिता के निर्णायक धरोहर संस्थान के डॉ. हिमांशु गौड़ और डॉ. भरत जोशी रहे। कार्यक्रम के अंत में श्रीमती निष्ठा दीक्षित ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. बकुल त्रिवेदी ने किया।