उदयपुर। राजस्थान समाज सेवा संस्थान उदयपुर के सेवा मन से अभियान के तहत मंगलवार को उदयपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्र के गिर्वा ब्लॉक के लिंबाफला, रोहीफला और आड़ के सरकारी स्कूल में  बच्चों को 190 स्वेटर बांटे गए। गांवों में जरूरतमंद लोगों को कंबल भी वितरित किए गए।

संस्थान की उपाध्यक्ष मंजू लता ने बताया कि गिर्वा क्षेत्र में पोपल्टी पंचायत में पहाड़ियों के बीच स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय लिंबाफला, राजकीय प्राथमिक विद्यालय रोहीफला और राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय आड़ में बच्चे स्वेटर के अभाव में तेज सर्दी में भी ठिठुरते हुए पढ़ाई करने मजबूर थे। मंगलवार को संस्थान अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा के साथ टीम ने इन स्कूलों में बच्चों को स्वेटर वितरित किए। इन स्कूलों में सोजतिया ज्वैलर्स के सहयोग से स्वेटर बांटे गए। कोषाध्यक्ष रीना जैन भी मौजूद रही। बच्चों को जरूरत अनुसार ऊनी टोपी भी वितरित की गई। तीनों ही स्कूलों के प्रधानाध्यापक और स्टाफ ने संस्थान के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि जिस जगह मोबाइल नेटवर्क भी नहीं आता वहां राजस्थान समाज सेवा संस्थान की टीम ने पहुंचकर बच्चों के लिए सर्दियों में सबसे जरूरी स्वेटर और ऊनी टोपी की व्यवस्था कर बच्चों को राहत पहुंचाने का सार्थक कार्य किया है।