उदयपुर। शक्तिनगर स्थित “संत निवास” में पूज्य सतगुरु श्री बाबा द्वारकादास जी महाराज साहिब की 45वीं बरसी श्रद्धा, प्रेम और भक्ति भाव के साथ मनाई जा रही है। इस पावन अवसर पर 8 नवंबर से 10 नवंबर तक तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम के पहले दिन शनिवार को श्री गुरु ग्रंथ साहिब के तीन अखंड पाठ साहिब की शुरुआत की गई, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने नतमस्तक होकर अरदास की। पूरे परिसर में भक्ति, सिमरन और गुरुवाणी की गूंजी।
रविवार रात्रि को विशेष रात्री कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें भाई सन्नी मुलचन्दानी (नवसारी वाले) ने अपनी मधुर वाणी में सत्संग और कीर्तन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे।
समापन दिवस सोमवार, 10 नवंबर को भोग साहिब के साथ लंगर प्रसादी का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर नगर सहित देशभर से बड़ी संख्या में संगत भाग ले रही है। आयोजन में वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक और श्रद्धामय बना हुआ है।
दरबार परिसर को सुंदर पुष्प सज्जा से सजाया गया है, वहीं सेवक मंडल के सहयोग से लंगर सेवा, व्यवस्था और कीर्तन के सभी कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हुआ।