उदयपुर। लायंस क्लब अशोका अपनी समाज सेवा गतिविधियों की निरंतर श्रृंखला “आओ खुशियां बाँटें” के अंतर्गत इस रविवार एक और महत्वपूर्ण मानवता सेवा कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है।

चार्टर अध्यक्ष लायन मुकेश माधवानी ने बताया कि आने वाली सर्दी को ध्यान में रखते हुए क्लब द्वारा जरूरतमंद परिवारों के लिए वस्त्र एवं ऊनी वस्त्र संग्रह शिविर का आयोजन किया जा रहा है। क्लब अध्यक्ष मुकेश माधवानी, सचिव श्रीचंद खथूरिया, सदस्य समीर रोहिडा, पंकज जानी, अजीज अली, अनिल माथुर, कैलाश केवल्या और मुकेश शर्मा के साथ हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि ठंड का सामना कर रहे गरीब व असहाय लोगों तक गर्म कपड़ों की सहायता पहुँचाई जाएगी।

शिविर का आयोजन रविवार, 16 नवम्बर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अशोका पैलेस, शोभागपुरा, उदयपुर में किया जाएगा।

क्लब ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने उपयोग में न आने वाले साफ-सुथरे कपड़े और ऊनी वस्त्र शिविर में जमा कराकर अपना योगदान दें, ताकि ये वस्त्र सही समय पर जरूरतमंदों तक पहुँच सकें।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में दया, करुणा और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है, ताकि ठंड के मौसम में जरूरतमंदों के जीवन में गर्माहट और मुस्कान लाई जा सके।