उदयपुर। राजस्थान महिला टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज एवं आधार फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा” विषय पर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। यह आयोजन आरएमवी चौराहे पर हुआ, जहां महाविद्यालय की छात्राओं ने आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. प्रभा वाजपेई ने बताया कि नाटक के माध्यम से छात्राओं ने सड़क दुर्घटनाओं के दुष्परिणामों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने दर्शाया कि एक दुर्घटना के बाद न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे परिवार को किस प्रकार की कठिनाइयों और संकटों का सामना करना पड़ता है।
नाटक में छात्राओं ने लोगों से अपील की कि वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें, मोबाइल फोन का उपयोग न करें और नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन न चलाएं। साथ ही नाबालिगों को वाहन चलाने के लिए न देने और दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने का भी संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में आधार फाउंडेशन के संस्थापक नारायण जाट, कार्यक्रम प्रभारी डॉ. जागृति पारीख, डॉ. अंकुर कपूर तुली सहित महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य एवं बी.एड. द्वितीय वर्ष की छात्राध्यापिकाएं उपस्थित रहीं।