उदयपुर। शहर के प्रतिष्ठित Radisson Blu Palace Resort & Spa में Round Table India, उदयपुर चैप्टर और Kisna Diamond and Gold Jewellery के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मशहूर कॉमेडियन Gaurav Gupta का स्टैंड-अप कॉमेडी शो यादगार और बेहद सफल रहा। हंसी, व्यंग्य और शानदार प्रस्तुति से सजी इस शाम ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।

इस भव्य आयोजन में 800 से अधिक दर्शकों की जोरदार मौजूदगी रही, जिसने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया। राउंड टेबल इंडिया, उदयपुर चैप्टर के अध्यक्ष कुणाल बागरेचा ने बताया कि गौरव गुप्ता की कॉमिक टाइमिंग और शानदार अंदाज ने दर्शकों को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया, और पूरा हॉल देर रात तक तालियों और हंसी से गूंजता रहा।

कार्यक्रम ने मनोरंजन के साथ सामाजिक सरोकार की मिसाल भी पेश की। फंडरेजिंग संयोजक मनन नाहर और प्रतुल देवपुरा ने जानकारी दी कि शो से जुटाई गई राशि का उपयोग वंचित और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए किया जाएगा। ‘फ्रीडम थ्रू एजुकेशन’ प्रोजेक्ट के तहत इस फंड से स्कूलों में नई कक्षाओं का निर्माण किया जाएगा, जिससे बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति और प्रायोजकों ने मंच साझा करते हुए इस सफलता का श्रेय पूरी टीम के समर्पण और सहयोग को दिया। राउंड टेबल इंडिया, उदयपुर चैप्टर के सदस्यों की मेहनत और किसना ज्वेलरी के सहयोग ने इस आयोजन को खास बना दिया।

यह आयोजन इस बात का सशक्त उदाहरण बना कि जब मनोरंजन को एक नेक उद्देश्य के साथ जोड़ा जाता है, तो उसका प्रभाव समाज में सकारात्मक बदलाव के रूप में दिखाई देता है।