उदयपुर। गणेशोत्सव के पावन अवसर पर शहर के प्रसिद्ध मन्नत वाले राजा इस बार अपने अनोखे और अद्भुत त्रिमूर्ति अवतार में विराजमान हुए हैं। भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा को ब्रह्मा, विष्णु और महेश के स्वरूप में सजाया गया है। बप्पा के इस दिव्य और आकर्षक रूप के दर्शन के लिए उदयपुरवासियों में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिल रही है।

मंडल के संचालक विशाल जैन ने बताया कि इस अनूठी प्रतिमा को तैयार करने में करीब चार माह की अथक मेहनत लगी है। प्रतिमा की भव्य सजावट, आकर्षक स्वरूप और स्वर्ण आभूषणों से सुसज्जित बप्पा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बने हुए हैं। गणपति महाराज को 51 किलो खीर का भोग अर्पित किया गया।

मन्नत वाले राजा के इस अनोखे अवतार के दर्शन के लिए शहरभर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बप्पा के दिव्य स्वरूप को देखकर भक्तों में आस्था और भक्ति का भाव उमड़ रहा है। गणेश पंडाल में दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। गणपति बप्पा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा है।