उदयपुर | श्री अग्रवाल वैष्णव समाज की ओर से रविवार को तुलसीगढ़ रिसोर्ट, लखावली में भव्य वन विहार का आयोजन बड़े उत्साह, उमंग एवं पारिवारिक माहौल में किया गया।

वन विहार में समाज के 150 से अधिक पुरुषों एवं मातृशक्ति के साथ 80 वर्ष से अधिक आयु के वयोवृद्ध समाजजनों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम के संयोजक श्री प्रकाश अग्रवाल, श्री हेमंत अग्रवाल, श्रीमती इन्द्रा अग्रवाल एवं श्रीमती सुनीता डी. बंसल ने बताया कि वन विहार का उद्देश्य समाजजनों को दैनिक व्यस्तताओं से कुछ समय निकालकर एक-दूसरे के साथ आत्मीयता एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में समय बिताने का अवसर प्रदान करना था।

कार्यक्रम में छोटे बच्चों से लेकर वरिष्ठ समाजजनों तक सभी ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की।वन विहार के दौरान विभिन्न मनोरंजक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

इनमें क्रिकेट प्रतियोगिता, विभिन्न प्रकार के कॉम्पिटिशन प्रोग्राम, हाउजी गेम्स, अंताक्षरी सहित अनेक मनोरंजक गतिविधियां शामिल रहीं। समाजजनों ने स्विमिंग पूल का भी भरपूर आनंद लिया।

खेल एवं मनोरंजन की गतिविधियों ने पूरे वातावरण को उत्साह और उल्लास से भर दिया।कार्यक्रम में स्वादिष्ट एवं विविध प्रकार के व्यंजनों की व्यवस्था की गई, जिसका सभी समाजजनों ने सामूहिक रूप से आनंद लिया।

बच्चों और युवाओं के साथ-साथ मातृशक्ति एवं वरिष्ठजनों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को विशेष रूप से यादगार बना दिया।

वैष्णव समाज के प्रचार मंत्री सुनील आर अग्रवाल ने बताया कि इस अवसर पर अग्रवाल वैष्णव समाज की महिला सोशल ग्रुप एवं पुरुष कार्यकारिणी के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सभी के सामूहिक प्रयासों एवं सहयोग से वन विहार सफल एवं आनंदमय रहा।वयोवृद्ध समाजजनों की उपस्थिति एवं सहभागिता को आयोजन का विशेष आकर्षण बताते हुए संयोजकों ने कहा कि वरिष्ठजन समाज की धरोहर हैं और उनके अनुभव एवं आशीर्वाद से समाज को निरंतर मार्गदर्शन मिलता है।

वहीं युवा पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी से समाज में नई ऊर्जा एवं आपसी जुड़ाव को बल मिलता है।आयोजकों ने कहा कि ऐसे सामूहिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा, पारिवारिक संस्कार एवं सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को समाज की परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

वन विहार में सभी समाजजनों ने मिलकर जिस आत्मीयता और उत्साह का परिचय दिया, वह समाज की मजबूत एकता का प्रतीक है।अंत में संयोजकों ने वन विहार को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी समाजजनों, महिला सोशल ग्रुप, पुरुष कार्यकारिणी एवं आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।