दिल्ली पब्लिक स्कूल, उदयपुर के 17 वर्षीय होनहार व प्रतिभावान अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी आर्यन शर्मा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम फहराकर आज विमान द्वारा उदयपुर लौटे, तब हवाई अड्डे पर विद्यालय के प्राचार्य संजय नरवरिया, उपप्राचार्य राजेश धाभाई, शिक्षको , छात्रों तथा कुछ साथी मित्रों ने उसके आगमन पर भव्य स्वागत किया।
तत्पश्चात उसे विद्यालय परिसर लाया गया, जहाँ ढोल-नगाड़ों के साथ माल्यार्पण कर उसका स्वागत व अभिनंदन किया गया। आर्यन ने राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम कर संस्था का नाम विश्व मंच पर गौरव से ऊँचा किया है।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने अभिभावकों तथा विद्यालय प्रबंधन को दिया, जिनके सतत सहयोग, प्रेरणा तथा मार्गदर्शन से यह संभव हो पाया।आर्यन ने हाल ही में तुर्की के मर्सिन में आयोजित वर्ल्ड एबिलिटी स्पोर्ट यूथ गेम्स - 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष एकल में स्वर्ण पदक, पुरुष युगल में स्वर्ण पदक और मिश्रित युगल में एक रजत पदक जीतकर देश को गौरव प्रदान किया है।प्रो वाइस चेयरमैन ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आर्यन का बैडमिंटन के प्रति लगाव बाल्यकाल से ही है और उसने इससे पूर्व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्राजील में बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड सर्किट ब्राजील पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल - 2026 में स्वर्ण पदक तथा राष्ट्रीय स्तर पर हैदराबाद में आयोजित सातवीं पैरा सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चौंपियनशिप में स्वर्ण पदक तथा जूनियर एंड यूथ नेशनल पैरा बैडमिंटन चौंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक, एक रजत पदक तथा एक कांस्य पदक अपने नाम किए हैं।