श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर नगर परिषद चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी में सक्रियता बढ़ गई है। भाजपा का टिकट पाने के इच्छुक बड़ी संख्या में कार्यकर्ता निर्धारित प्रोफार्मा में जिला कार्यालय में अपना आवेदन जमा करवा रहे हैं। पार्टी नेतृत्व ने साफ कर दिया है कि टिकट केवल योग्य , जीतने वाले और टिकाऊ कार्यकर्ताओं को ही दिया जाएगा।
भाजपा के स्थानीय निकाय चुनाव संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष रतन गणेशगढ़िया ने बताया कि नगर परिषद चुनाव के लिए भाजपा टिकट पाने के इच्छुक उम्मीदवारों की संख्या काफी ज्यादा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि टिकट देने में तीन प्रमुख बिंदुओं पर ध्यान दिया जाएगा। पहला-उम्मीदवार भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता होना चाहिए।
दूसरा-वह क्षेत्र में जीतने की क्षमता रखने वाला हो। तीसरा-वह टिकाऊ और विश्वसनीय कार्यकर्ता हो।
केवल इन तीनों शर्तों को पूरा करने वाले उम्मीदवारों को ही पार्टी का टिकट मिलेगा। रतन गणेशगढ़िया ने कहा कि पार्टी किसी भी दबाव या सिफारिश के आधार पर टिकट नहीं बांटेगी।
कार्यकर्ता की जमीनी साख, कार्यक्षेत्र में सक्रियता और जीत की संभावना ही अंतिम फैसला करेगी।
टिकट आवेदनों की जांच प्रक्रिया भी साथ साथ जारी है और जल्द ही योग्य उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पार्टी की तैयारियों को और मजबूती देने के लिए 26 अगस्त को प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ स्थानीय गगन पथ पर स्थित गंगा पैलेस में विजय संकल्प सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन में पूरे शहर के कार्यकर्ता और पार्टी समर्थक बड़ी संख्या में भाग लेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य नगर परिषद चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरना और जीत का संकल्प दोहराना है।
कोर कमेटी का गठन, संयोजक-प्रभारी नियुक्त चुनाव संचालन को सुचारू बनाने के लिए भाजपा ने एक कोर कमेटी का गठन किया है। जिलाध्यक्ष शरणपालसिंह और जिला प्रभारी दशरथ सिंह के निर्देशानुसार कोर कमेटी में विचार-विमर्श के बाद जिम्मेदारियां बांटी गई हैं।
निकाय चुनाव प्रभारी रामगोपाल सुथार, चुनाव संयोजक रतन गणेशगढ़िया और सह संयोजक क्रांति चुघ को मुख्य जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन तीनों ने सभी वार्डों में संयोजक और प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं।
व्यवस्था के अनुसार हर वार्ड का संयोजक उसी वार्ड का निवासी रखा गया है, जबकि प्रभारी दूसरे वार्ड से नियुक्त किए गए हैं।
इससे निष्पक्षता और बेहतर निगरानी सुनिश्चित होगी।वार्ड स्तर पर नियुक्त संयोजक और प्रभारी मतदाता सूची सत्यापन, कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करने, बूथ प्रबंधन और प्रचार अभियान को लेकर सक्रिय हो गए हैं।
आने वाले दिनों में सभी वार्डों में बैठकें आयोजित कर रणनीति को और विस्तार दिया जाएगा।
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि संगठित और अनुशासित तरीके से चुनाव लड़कर नगर परिषद में पार्टी की मजबूत स्थिति सुनिश्चित की जा सकती है।