उदयपुर, 28 नवम्बर। राजस्थान राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग (राजनैतिक प्रतिनिधित्व) आयोग, जयपुर के आदेशों के क्रम में जिले में ओबीसी सर्वे कार्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने  को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय है। जिला कलक्टर नमित मेहता ने आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग को पत्र जारी कर ओबीसी सर्वे हेतु नियुक्त एवं प्रशिक्षित सन्दर्भित व्यक्तियों (मास्टर ट्रेनर्स) को 01 दिसम्बर 2025 तक सभी प्रगणकों को प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

संयुक्त निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग पुनीत शर्मा ने बताया कि जारी आदेश के अनुसार मास्टर ट्रेनर्स को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके अधीनस्थ सभी प्रगणकों को ओबीसी सर्वे के लिए राजधरा ऐप का समुचित प्रशिक्षण निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रदान कर दिया जाए, ताकि आयोग को तय समय सीमा में सूचना प्रेषित की जा सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारियों, समस्त ब्लॉकों के कार्यालयों तथा ब्लॉक सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के प्रोग्रामरों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य ओबीसी सर्वे कार्य को सुचारु, पारदर्शी और तकनीकी रूप से दक्ष बनाना है, ताकि सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़े सटीक एवं विश्वसनीय हों। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की है कि वे निर्देशों की पालना करते हुए तय समय-सीमा में प्रशिक्षण कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें।