दस दिवसीय निःशुल्क आयुर्वेद पाइल्स, फिस्टुला व फिशर का क्षारसूत्र अन्तरंग शल्य चिकित्सा शिविर
राष्ट्रीय आयुष मिशन के सहयोग से आयुर्वेद विभाग द्वारा दस दिवसीय विशाल आयुर्वेद शल्य चिकित्सा शिविर
उदयपुर। आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत आयुर्वेद विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा उदयपुर में 14 दिसंबर से 23 दिसंबर 2025 तक निःशुल्क अंतरंग शल्य चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में पाइल्स, फिस्टुला और फिशर जैसी समस्याओं का आयुर्वेद की प्रामाणिक क्षारसूत्र पद्धति से निःशुल्क उपचार रहेगा। शिविर सेवा भारती चिकित्सालय, हरिदास जी की मगरी, सुभाष चौराहा, उदयपुर में आयोजित होगा।
पंजीयन 6 दिसंबर से 13 दिसंबर तक उदयपुर जिले के आयुष चिकित्सालयों, औषधालयों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर औषधालय समय में किया जाएगा ।
आयुर्वेद विभाग उदयपुर के उपनिदेशक डॉ. राजीव भट्ट ने बताया कि क्षारसूत्र शल्य चिकित्सा पाइल्स, फिस्टुला, फिशर के उपचार में प्रमाणिक और अत्यंत प्रभावी पद्धति है। इसमें साधारण शल्य क्रिया की अपेक्षा कम कष्ट होता है तथा रोग की पुनरावृत्ति की संभावना अत्यंत कम रहती है। रोगियों को आवश्यकता अनुसार भर्ती रखकर विशेषज्ञों द्वारा सम्पूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
पंचकर्म एवं न्यूरो थेरेपी से पुराने दर्दों का समाधान
शिविर संयोजक डॉ शोभालाल औदिच्य ने बताया की गठिया, जोड़ दर्द, कमर दर्द, सर्वाइकल, स्नायु-विकार, माइग्रेन एवं पुराने दर्दों में पंचकर्म उपचार अत्यंत लाभकारी है। अभ्यंग, स्वेदन, बस्ती, शिरोधारा आदि प्रक्रियाएं रोगी की अवस्था अनुसार की जाएंगी।
19 दिसंबर से कोटा के न्यूरोथेरेपिस्ट मनोज शर्मा एवं उनकी टीम द्वारा सायटिका, स्पोंडिलाइटिस, फ्रोजन शोल्डर, सर्वाइकल व नसों के दर्द का बिना दवा व बिना सर्जरी उपचार दिया जाएगा।
इस शिविर के लिए विवेक बोहरा प्रबंध निदेशक प्रकाश सोनी प्रभारी सेवा भारती चिकित्सा प्रभारी सेवा भारती चिकित्सालय उदयपुर द्वारा सहयोग रहेगा ।
अग्निकर्म व स्वर्ण प्राशन भी होगा
जोड़ों व एड़ी के दर्द, टेनिस एल्बो तथा स्नायु रोगों में अग्निकर्म से तुरंत राहत देने वाला उपचार उपलब्ध रहेगा।
6 माह से 16 वर्ष तक के बच्चों के लिए स्वर्ण प्राशन संस्कार भी प्रतिदिन किया जाएगा, जिससे रोग प्रतिरोधक क्षमता व स्मरणशक्ति में वृद्धि होती है।
योग परामर्श एवं जीवनशैली मार्गदर्शन
प्रत्येक दिन प्रातः 7 से 8 बजे तक योग परामर्श उपलब्ध रहेगा।
प्रकृति परीक्षण एवं जीवनशैली जन्य रोगों की रोकथाम संबंधी मार्गदर्शन भी विशेषज्ञों द्वारा दिया जाएगा।
इस शिविर का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित, प्रभावी व निःशुल्क आयुर्वेदिक उपचार उपलब्ध कराना है। अस्पताल परिसर में उपचार कक्ष, परामर्श कक्ष, योग हॉल व प्रतीक्षा कक्ष सहित सुव्यवस्थित प्रबंध किया गया है। विशेषज्ञ चिकित्सक प्रतिदिन प्रातः से सायं तक उपलब्ध रहेंगे।