उदयपुर। राजस्थान समाज सेवा संस्थान उदयपुर द्वारा शुक्रवार को सेवा मन से अभियान के तहत उदयपुर जिले के आदिवासी क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में बच्चों को स्वेटर, ऊनी टोपी व स्टेशनरी वितरित किए। ग्रामीण क्षेत्र में जरूरतमंद लोगों को कंबल भी वितरित किए गए।
संस्थान की कोषाध्यक्ष रीना जैन ने बताया कि शहर से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित महात्मा गांधी विद्यालय, वास(भूताला)में अधिकांश छोटे बच्चों के पास स्वेटर नहीं होने की जानकारी मिली। संस्थान अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा व सेवा टीम के संदीप कुशवाह ने शुक्रवार को स्कूल पहुंचकर कक्षा एक से पांचवीं तक के बच्चों को स्वेटर और ऊनी टोपी वितरित किए। कक्षा 6 व 7 के बच्चों को क्लिप बोर्ड, पेन और कॉपियां वितरित भी की गई। स्वेटर मिलते ही बच्चे उत्साह के साथ बोले कि अब सर्दी की चिंता दूर होने से हम तेज सर्दी में भी रोज स्कूल आएंगे। स्कूल के प्रधानाचार्य हीरसिंह और स्टाफ ने संस्थान का आभार जताया। इसके बाद इसी क्षेत्र में राजकीय प्राथमिक विद्यालय खेदर का भीलवाड़ा और राजकीय प्राथमिक विद्यालय टेर का भीलवाड़ा में भी बच्चों को कॉपियां वितरित की गई। इन दोनों स्कूलों में पिछले दिनों ही संस्थान ने बच्चों को स्वेटर और ऊनी टोपी वितरित किए थे। इस अभियान में समाजसेवी पोलो ग्राउंड निवासी गजेंद्र जैन भी सहयोगी बने है।