उदयपुर। संयुक्त राष्ट्र (UN) द्वारा वैश्विक शांति, करुणा और मानव एकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से घोषित विश्व ध्यान दिवस आगामी 21 दिसंबर 2025 को विश्वभर में मनाया जाएगा। इस महत्त्वपूर्ण पहल में भारत की प्राचीन योग–ध्यान परंपरा ने संपूर्ण विश्व को  सदियों से विश्व शांति, आत्मिक उन्नति, संतुलन और सद्भाव का मार्ग दिखाया है।

इसी क्रम में हार्टफुलनेस इंस्टिट्यूट, उदयपुर केंद्र ने शहर के शैक्षणिक संस्थानों, विश्वविद्यालयों, स्कूलों, कॉरपोरेट हाउस, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों के लिए व्यापक सामूहिक रजिस्ट्रेशन अभियान की शुरुआत की है। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को इस वैश्विक सामूहिक ध्यान में सम्मिलित कर एक सकारात्मक और शांतिपूर्ण सामूहिक चेतना का निर्माण करना है। 

विश्व ध्यान दिवस के अंतर्गत आयोजित होने वाले इस ऑनलाइन सत्र में पूरे विश्व में लाखों साधक दाजी – श्री कमलेश डी. पटेल, ग्लोबल गाइड, हार्टफुलनेस मेडिटेशन इंस्टिट्यूट, के साथ ध्यान करेंगे। कार्यक्रम की थीम **“Peace, Compassion & Unity”** संयुक्त राष्ट्र के उद्देश्यों और भारत की आध्यात्मिक विरासत का समन्वित संदेश देती है। 

उदयपुर केंद्र के समन्वयक डॉ. राकेश दशोरा ने बताया कि ’ विश्व ध्यान दिवस’ केवल ध्यान का आयोजन नहीं, बल्कि वैश्विक मानवीय एकता का सामूहिक संकल्प है। भारत की ध्यान–योग परंपरा विश्व को दिशा दे सकती है और उदयपुर इस अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए तैयार है।  यह वैश्विक कार्यक्रम निःशुल्क एवं सभी के लिए खुला है।

 

मीडिया प्रभारी डॉ सुबोध शर्मा ने बताया कि रजिस्ट्रेशन लिंक:  (https://hfn.link/meditation) "एच एफ एन. लिंक/मेडिटेशन" पर गूगल से अपना नाम और मोबाईल नंबर भर कर आसानी से यह पंजीयन निःशुल्क किया जा सकता है। सत्र अटेंड करने के लिए हमारे व्हाट्स ऐप नंबर पर एक लिंक मिलेगा जिसे यू ट्यूब पर अपने घर से ही अटेंड किया जा सकता है। इसके बाद सभी को इसका प्रमाण पत्र भी जारी किया जाएगा। 

उल्लेखनीय है कि हार्टफुलनेस संस्थान उदयपुर केंद्र के नए आश्रम का निर्माण चित्रकूट नगर में हो रहा है जो मानव कल्याण के लिए जल्द ही उदयपुर की जनता को उपलब्ध होगा। हार्टफुलनेस जोन समन्वयक मधु मेहता ने बताया कि निर्माण पूर्ण होने तक प्रत्येक रविवार को प्रातः 9 बजे सामूहिक सत्संग और ध्यान सत्र उनके निवास 48, न्यू पॉलोग्राउंड, सहेली नगर में आयोजित करने की व्यवस्था की गई है।